भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल की टीम ने की कार्रवाई
टीजीटू के कहने पर नलकूप का कनेक्शन आवंटित करने के नाम पर मांगी रिश्वत
कोतवाली में दोनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल की टीम ने बुधवार को विद्युत वितरण खंड द्वितीय में संविदा पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर रविंद्र कुमार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। वह टीजीटू विकास के कहने पर नलकूप का कनेक्शन आवंटित कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। टीम की ओर से दोनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कायम कराई गई है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी अनुराग शर्मा ने शिकायत की थी। बताया था कि उसने अपने दादा पुरुषोत्तम शरण के नाम से फूल डिपॉजिट योजना में 7.50 हाॅर्सपावर का विद्युत नलकूप का कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। सारी प्रक्रिया को पूर्ण करने के बाद भी कनेक्शन आवंटित नहीं हो पा रहा था।
आरोप है कि विद्युत वितरण खंड द्वितीय में कार्यरत टीजीटू विकास कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर कनेक्शन आवंटित करने के नाम पर उससे 15 हजार की रिश्वत मांग रहा था। ऑपरेटर रविंद्र को किसान अनुराग शर्मा से 15 हजार की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
टीम प्रभारी के मुताबिक आरोपी रविंद्र कुमार ने टीजीटू सहित निगम के कई कर्मियों और अधिकारियों के नामों को भी उजागर किया है। रविंद्र के बयानों की वीडियो का गहनता से अध्ययन होगा। जो भ्रष्टाचार में शामिल होगा, उसी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अन्य आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश
टीम प्रभारी के मुताबिक संगठन की ओर से कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कायम करा दी गई है। आरोपी रविंद्र को 25 जुलाई को बरेली कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी विकास गिरफ्तारी के भय से फरार हो गया।
आरोपी बोला, टीजीटू ने उसका कॅरिअर चौपट कर दिया
आरोपी रविंद्र ने बताया कि वह कोतवाली देहात के गांव आनंदखेड़ी का मूल निवासी है। एक जून 2024 को उसकी संविदा पर नौकरी लगी थी। टीजीटू विकास कुमार के कहने पर वह ऐसा न करता तो सही रहता। विकास ने उसका कॅरिअर चौपट कर दिया।
बिजनौर में अब तक चार के खिलाफ हो चुकी कार्रवाई
टीम प्रभारी ने बताया कि मुरादाबाद मंडल में इस साल अब तक सरकारी कार्यालयों से चार अधिकारियों और कर्मियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।
सरकारी कार्यालयों में हो रहा जमकर भ्रष्टाचार
भाकियू कार्यकर्ता राजेंद्र चौधरी, तहसील अध्यक्ष कविराज सिंह,महेंद्र सिंह , उपमा चौहान आदि का कहना था कि सरकारी कार्यालयों में जमकर भ्रष्टाचार है। लोगों के जायज काम भी बगैर रिश्वत के नहीं हो रहे है।
आरोपी कर्मचारियों की जांच के बाद सेवा समाप्ति की कार्रवाई होगी। भ्रष्टाचार में लिप्त होना अपराध है। ऐसे किसी भी अधिकारी और कर्मचारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। - उदय प्रताप सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम