स्मार्ट मीटर की दुश्वारियां : विच्छेदन तिथि 26 की, कनेक्शन 22 को काट दिया
मेरठ। स्मार्ट मीटर बिलिंग व्यवस्था की लापरवाही से परेशानी भुगत रहे उपभोक्ताओं ने बुधवार को वैशाली डिवीजन पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक तो उन्हें बिल देरी से दिया गया और विद्युत कनेक्शन भी विच्छेदन तिथि से पहले ही काट दिया। अब कनेक्शन जोड़ने की एवज में उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं।
हंगामा कर रहे शामिल शादाब अंसारी ने बताया कि उनके यहां तीन माह पूर्व स्मार्ट मीटर लगा था। मीटर लगने के बाद कोई बिल नहीं पहुंचा। 18 जनवरी को उनके फोन पर बिल का मैसेज आया। बिल जमा करने की अंतिम तिथि 19 जनवरी थी और कनेक्शन कटने की तिथि 26 जनवरी दी गई थी। रुपये की व्यवस्था न होने के कारण वह समय पर बिल नहीं भर सके। मंगलवार शाम उनका कनेक्शन काट दिया गया। जबकि विच्छेदन 26 तारीख तय थी। मोहम्मद यूनुस का भी यही आरोप था। उन्होंने बताया कि उनका महज 1600 रुपये बिल था। फिर भी उनका कनेक्शन काट दिया गया। कुछ ने बताया कि उन्होंने आनन-फानन में बिल जमा किया। जब वह बिजलीघर पर कनेक्शन जुड़वाने की गुहार लेकर पहुंचे तो उनसे 600 रुपये मांगे गए। जबकि वह केवल जुर्माने के हकदार थे। चीफ इंजीनियर एसबी यादव ने बताया कि गलती से कुछ कनेक्शन काट दिए गए थे, जिन्हें जुड़वा दिया गया है। उन्होंने व्यवस्था को जल्द दुरूस्त करने का भरोसा दिलाया।