बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करते संविदाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नजीबाबाद में विद्युत निगम के निविदा, संविदा कर्मचारी संघ ने आदर्श नगर बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने आदर्श नगर बिजलीघर के एसएसओ के साथ धनसीनी निवासी उपभोक्ता द्वारा अभद्रता पर कार्रवाई न होने के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
कर्मचारी संघ के पूर्वांचल अध्यक्ष रणवीर सिंह के नेतृत्व में विद्युत निगम के संविदा और निविदा कर्मचारी कार्य का बहिष्कार कर आदर्श नगर बिजली घर पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने शट डाउन को लेकर दो दिन पूर्व एसएसओ ओम कुमार के साथ की गई अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने और बिजली अधिकारियों द्वारा गंभीरता से न लेने पर रोष व्यक्त किया।
केंद्रीय यूनिट के कर्मचारी नेता भूपेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार, मनोज कुमार ने कहा कि जब तक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बिजलीघरों का संचालन, कनेक्शन काटने की प्रक्रिया सहित अनेक कार्य ठप रहे।
एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर संविदा कर्मचारियों की ओर से दी गई है। कार्रवाई के लिए पुलिस से कहा गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/