मोदीपुरम। दूल्हेड़ा गांव में सरकारी अस्पताल के पास 33 केवी बिजली लाइन का खंभा कई दिनों से तिरछा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि खंभा कभी भी गिर सकता है। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। शिकायत के बावजूद ऊर्जा निगम की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
गांव के निवासी बब्बर चौहान और ललित चौहान ने बताया कि सरकारी अस्पताल के पास से गुजर रही 33 केवी लाइन का खंभा काफी दिनों से एक ओर झुका हुआ है। खंभे के तिरछा होने से बिजली की लाइन भी प्रभावित हो सकती है। अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, राहगीरों और आसपास के लोगों में हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। आरोप है कि मामले की जानकारी कई बार निगम के अधिकारियों को दी जा चुकी है लेकिन अब तक न तो खंभा सीधा कराया गया और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम किए गए। उनका कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द खंभे को बदलने या उसे सुरक्षित करने की मांग की है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।