उत्तर प्रदेश के बागपत में पंचायत उप चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सुल्तानपुर हटाना के ग्रामीणों ने सोमवार देर रात डीएम आवास पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने मतगणना में चुनाव चिन्ह बदलने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मतगणना कर्मियों ने चुनाव चिन्ह बदल दिए। जिससे जीते हुए दो प्रत्याशी हार गए। डीएम राजकमल यादव ने जांच के बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया तो ग्रामीण वापस लौट गए।
पंचायत चुनाव में सुल्तानुपर हटाना गांव के 15 में से 11 ग्राम पंचायत सदस्य पद खाली रह गए थे। प्रधान पद पर सचिन कुमार निर्वाचित हुए थे। लेकिन ग्राम पंचायत का कोरम पूरा न होने के कारण वह शपथ ग्रहण नहीं कर पाए थे।
शनिवार को पंचायत चुनाव के उप चुनाव में मतदान हुआ। सोमवार को मतगणना हुई। परिणाम घोषित होने के बाद सुल्तानपुर गांव में हंगामा शुरू हो गया। देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-टॉली में डीएम आवास पर पहुंच गए।
नवनिर्वाचित प्रधान सचिन कुमार ने बताया कि मतगणना में वार्ड-13 और 10 के प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह बदल दिए गए। जिससे उनके पक्ष के दो प्रत्याशी संजय और शिवानी जीतने के बाद भी हार गए। डीएम आवास पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में डीएम ने प्रधान सचिन से वार्ता की। आश्वासन दिया कि मंगलवार मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।