फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीसीएसयू कैंपस में खुलेआम हथियार लहरा रहे 'नेता जी', दहशत के माहौल में कैसे हो पढ़ाई

Wed, 17 Oct 2018 06:24 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ न्यूज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी कैंपस में चुनाव की तिथि घोषित किए बिना ही लग्जरी गाड़ियों से प्रचार शुरू हो गया है। अभी तक तो यहीं तक सीमित था, लेकिन मंगलवार को तो हथियारों का भी प्रदर्शन देखने को मिला। नेताओं के साथ आए युवक खुलेआम कैंपस में गन लेकर घूमते रहे। कैंपस और कॉलेजों में रोजाना बाहरी युवकों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे छात्र-छात्राओं में दहशत का माहौल है।

विज्ञापन


छात्रसंघ चुनाव को लेकर अभी कैंपस-कॉलेजों में स्थिति स्पष्ट नहीं है। चुनाव होंगे भी या नहीं ये भी नहीं कहा जा सकता है। लेकिन कैंपस और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रचार खूब हो रहा है। कैंटीन से लेकर दूसरी जगहों पर छात्र जगह-जगह गुटों में नजर आने लगे हैं। मंगलवार को तो हथियार का भी खुलेआम प्रदर्शन हुआ। शिवपाल यादव द्वारा बनाए गए समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के छात्र सभा प्रदेश अध्यक्ष लोकेश भाटी कैंपस पहुंचे तो यहां पर छात्रों ने उनका जोरदार स्वागत किया। 

इस दौरान उनके साथ में एक युवक गन लेकर घूमता रहा। भारी भीड़ और हथियार आदि देखकर यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राएं चर्चा करते रहे। छात्रों ने बताया कि लोकेश भाटी यहां पर छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद का उम्मीदवार तय करने आए थे। इसके बाद वे छात्रों के साथ सभा करके निकल गए।
विज्ञापन


समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक गुर्जर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ कोई भी युवक हथियार लेकर नहीं था। उनके साथ दो पीएसओ थे। वे हथियार नहीं लिए थे। उन्होंने बताया कि स्वागत करने वालों की काफी भीड़ थी। हो सकता है कि कोई युवक किसी दूसरे व्यक्ति के साथ वहां आया हो।

विज्ञापन

मेरठ कॉलेज का भी यही हाल  
मेरठ कॉलेज में इस बार दो गुट आमने-सामने हैं। एक गुट के साथ बाहरी युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। ये अवैध हथियार लेकर आ रहे हैं और छात्रों को धमका रहे हैं। इन पर लगाम लगाने में कॉलेज प्रशासन फेल नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा खून खराबे की आशंका मेरठ कॉलेज में ही है। यहां पर आउट साइडर आकर छात्रों को चुनाव नहीं लड़ने तक की धमकी दे रहे हैं। 

कैंपस से ज्यादा कॉलेजों में हंगामा
इस बार छात्रसंघ चुनाव को लेकर कैंपस से ज्यादा हंगामा कॉलेजों में है। मेरठ कॉलेज हो या पिर एनएएस और डीएन कॉलेज। हर जगह तनातनी चल रही है। डीएन कॉलेज के छात्र नेता पर गोली चल चुकी है। मेरठ कॉलेज में विधायक के भतीजे और दोस्तों पर जानलेवा हमला हो चुका है। इस सबके बाद भी पुलिस कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। ऐसे में किसी भी दिन बड़ी घटना हो सकती है। कॉलेज के शिक्षकों का कहना है कि कैंपस का तो पता नहीं लेकिन कॉलेजों में रोजाना चुनाव प्रचार के चलते पढ़ाई नहीं हो पा रही है। 

कैंपस में बिगड़ रहा माहौल, प्रशासन खामोश 
एकतरफ यूनिवर्सिटी कैंपस में रोजाना आउट साइडर का जमावड़ा लगा है, वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन चुप्पी साधे है। मंगलवार को हथियारों के प्रदर्शन के मामले में पूछे जाने पर चीफ प्रॉक्टर औैर सुरक्षा अधिकारी प्रो. बीरपाल सिंह ने बताया कि उनको इसकी जानकारी नहीं है। वे अब रोजाना चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी युवकों के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे। 

लाइसेंस निरस्त कराएंगे
शैक्षिक संस्थानों में हथियार लेकर छात्रसंघ चुनाव प्रचार करना प्रतिबंध हैं। इस मामले जांच कराकर लाइसेंस का निरस्तीकरण कराएंगे। 144 लगी हुई है। यूनिवर्सिटी में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर कार्रवाई होगी। - रणविजय सिंह, एसपी सिटी  


शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें