पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। खिर्वा फ्लाईओवर के पास शनिवार शाम करीब छह बजे के पास तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से नंगला भट्टू थाना सिविल लाइन निवासी इतवारी (65) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बाइक लेकर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि इतवारी पिछले करीब 35 वर्षों से जिटौली गांव में सुनील के घर पर काम कर रहे थे। शनिवार शाम को वह चाय पीने के लिए दिल्ली-देहरादून हाईवे की ओर आए थे। चाय पीने के बाद वह वापस पैदल ही गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद बाइक सवार बिना रुके भाग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया। सीओ का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। शव मोर्चरी भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
-