ढिकौली में एक परिवार के आठ लोग संक्रमित
मवाना/सरधना/दौराला/माछरा/परीक्षितगढ़। कोरोना संक्रमण का फैलाव तेजी से बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को देहात क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर हुई जांच में मवाना में 25 संक्रमित मिले, जिनमें गांव ढिकौली में एक ही परिवार के आठ लोग भी शामिल हैं। सरधना में तहसीलदार समेत चार, दौराला में तीन और माछरा में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी समेत छह लोग तथा परीक्षितगढ़ में एक महिला संक्रमित मिली।
मवाना सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि बृहस्पतिवार को 25 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जिनमें नगर के मोहल्ला काबली गेट के दो, मवाना शुगर मिल से एक, हीरालाल से दो, तिगरी से महिला एक, कल्याण सिंह से एक, होली चौक से एक, मुन्नालाल से एक, गांव अस्सा से दो महिला, अकबरपुर से एक संक्रमित मिला। वहीं, कोरोना सैल प्रभारी डॉ. देव ने बताया कि गांव ढिकौली में एक ही परिवार आठ लोग संक्रमित मिले हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया है। संक्रमित मिले मरीजों के घरों को सैनिटाइज करने के साथ ही बेरिकेड कराया गया है। वहीं, 601 लोगों को बचाव का टीका लगाया गया। वाहनों पर बिना मास्क लगाकर घूमने वाले 10 लोगों के चालान काटे गए।
सरधना सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि 596 लोगों की जांच की गई। तहसीलदार सरधना हाल में इलाहाबाद से लौटे हैं। उनकी एंटीजन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महादेव में दो, जुल्हैड़ा में एक व्यक्ति संक्रमित मिला है।
दौराला सीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष ने बताया कि 380 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें सिवाया के दो, पल्लवपुरम का एक व्यक्ति संक्रमित मिला। तीनों को होम क्वारंटीन किया गया है। 360 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया।
माछरा सीएचसी प्रभारी डॉ. आलोक नायक ने बताया कि जांच में माछरा ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सुनील प्रसाद व पांच अन्य लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं, सीएचसी व पीएचसी पर 220 लोगों का टीकाकरण किया गया। वहीं, परीक्षितगढ़ सीएचसी पर जांच में गांव रामपुर साधो निवासी एक महिला संक्रमित मिली।
दुकान खोलने पर 12 के चालान
दौराला। दौराला में बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बंदी का पालन नहीं करने पर श्रम विभाग अधिकारी ने 12 दुकानदारों के चालान काटने की कार्रवाई की। उन्होंने भविष्य में साप्ताहिक बंदी में दुकान खोलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
श्रम विभाग अधिकारी ऊषा वर्मा बृहस्पतिवार को दौराला बाजार में पहुंची। जिलाधिकारी के आदेश पर प्रत्येक बृहस्पतिवार को दौराला में साप्ताहिक बंदी के आदेश जारी किए गए थे। परंतु कई दुकानदारों ने आदेशों की अवहेलना करते हुए बृहस्पतिवार को भी दुकान खोली। इस पर श्रम विभाग के अधिकारियों ने 12 दुकानदारों के चालान काटे और भविष्य में साप्ताहिक बंदी में प्रतिष्ठान खोलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों एवं अन्य व्यापारियों से दुकानों पर कार्य करने वाले मजदूर का पंजीकरण कराने को भी कहा।
सपा जिला उपाध्यक्ष ने पीपीई किट बांटी
मेरठ। कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते लोगों की जान जा रही है। सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को मेरठ के सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट में पुजारी और अन्य लोगों को पीपीई किट वितरित की।
सपा के जिला उपाध्यक्ष विपिन मनोठिया ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। कोरोना से होने वाली मौत के बाद शवों का अंतिम संस्कार शहर के बीच स्थित सूरजकुंड श्मशान घाट पर किया जा रहा है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं के साथ श्मशान घाट के पुजारी व सेवा में लगे अन्य लोगों के लिए पीपीई किट वितरित की। जिससे वह संक्रमण से सुरक्षित रहें और लोगों का विधिविधान पूर्वक संस्कार क्रियाएं संपन्न कराएं। मनोठिया ने कहा कि सपा कार्यकर्ता हमेशा समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार साबित होते हैं।
ब्लॉक परिसर को सैनिटाइज कराया
माछरा। खंड विकास कार्यालय में कोविड 19 के तहत सुरक्षा व्यवस्था बरतते हुए बीडीओ माछरा के निर्देश पर संपूर्ण ब्लॉक परिसर को सैनिटाइज कराया गया। बीडीओ माछरा गोपाल गोयल और एडीओ पंचायत विक्रांत त्यागी ने बताया कि कोविड 19 के बढ़ते प्रभाव को देखकर पहले से ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था सही कर रखी है, जिसमे ब्लॉक परिसर के प्रवेश द्वार पर ही उम्मीदवार के तापमान की जांच कराई जा रही है तथा हाथों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। उन्होंने कोविड 19 से बचाव के लिए पूरे ब्लॉक परिसर को ब्रह्मपाल चौहान, अभिषेक, भोपाल सिंह आदि ने मशीन द्वारा पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया।