वीसीबी फुंकने से लक्खीपुरा क्षेत्र में आठ घंटे गुल रही बिजली
मेरठ। भीषण गर्मी में शहर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है। मंगलवार को 33 केवी काजीपुर बिजलीघर की वीसीबी (वैक्यूम सर्किट ब्रेकर) फुंकने से लक्खीपुरा फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह छह बजे बिजली गुल हुई और दोपहर दो बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकी। करीब आठ घंटे तक क्षेत्र की बड़ी आबादी को बिजली नहीं मिल सकी। बिना बिजली के लोग गर्मी से बिलबिलाते रहे। कुछ लोगों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही।
इसके अलावा लिसाड़ी गेट, विकासपुरी, नौचंदी, रामलीला ग्राउंड, शारदा रोड, एमईएस, लेडीज पार्क, हापुड़ रोड, जागृति विहार, सदर, बेगमपुल, टाउन हाल और पुराना आरटीओ बिजलीघर क्षेत्र में भी बार-बार बिजली कटौती होती रही। अधीक्षण अभियंता शहर विजयपाल का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत बढ़ी है। इसके चलते फाल्ट भी बढ़े हैं।
----
मानसरोवर कालोनी में लो वोल्टेज से उपभोक्ता परेशान
सिविल लाइन बिजलीघर क्षेत्र में आने वाली मानसरोवर कालोनी में लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। यहां के निवासी गौरव मित्तल एडवोकेट का कहना है कि कालोनी में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या कई दिन से हैं। इसकी शिकायत भी अधिकारियों से की गई है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। वे इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर करेंगे।
---