मेरठ जिले में राजस्व वसूली लक्ष्य पूरा करने के लिए पीवीवीएनएल जहां आम उपभोक्ताओं के कनेक्शन दो से चार हजार रुपये बकाया होने पर ही काटने में लगा है, वहीं सरकारी विभागों पर करीब आठ करोड़ रुपये का बिल बकाया होने के बाद भी इनके आफिस रोशन हो रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा बकाया बिल पुलिस विभाग पर 3 करोड़ 67 लाख रुपये हैं। पावर अधिकारी अब पेमेंट न करने पर कनेक्शन काटने की बात कह रहे हैं।
वित्तीय वर्ष समाप्ति की उल्टी गिनती शुरू होने से बिजली विभाग में राजस्व वसूली के लिए मारामारी शुरू हो चुकी है। पीवीवीएनएल के शहर सर्किल से मिली जानकारी के अनुसार, एक दर्जन से ज्यादा विभागों पर करीब 8 करोड़ रुपये बकाया हो गया है। इसमें पुलिस विभाग पर 3 करोड़ 67 लाख और नगर निगम पर 1 करोड़ 67 लाख रुपये बकाया है। मंडलायुक्त कार्यालय पर 55 लाख और अपर जिलाधिकारी वित्त पर 71 लाख रुपये का बिल हो गया है।