11:46 AM, 29-Jun-2023
कार्यालय में नहीं मिले सात अधिकारी, कारण बताओ नोटिस जारी
सुबह दस बजे कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याओं को सुनने में अधिकारी अपनी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। बुधवार को सुबह 10.15 बजे मुख्य विकास अधिकारी की ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेसिंग में सात जिला स्तरीय अधिकारी अनुपस्थित मिले। बैठक में उपस्थिति दर्ज न कराने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही रोजना सुबह 10 बजे कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
शासन का निर्देश है कि सभी अधिकारी सुबह 10 बजे अपने कार्यालय पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करें। कमिश्नर, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी भी लगातार जिला स्तरीय अधिकारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने की नसीहत दे रहे हैं। लेकिन कुछ अधिकारी शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देश मानने को तैयार नहीं हैं। बुधवार को सीडीओ की ऑनलाइन वीसी के दौरान इस बात की पोल खुली तो अनुपस्थित सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिश जारी किया गया है। पिछले सप्ताह भी मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने जिला स्तारीय अधिकारियों की सुबह 10.15 बजे ऑनलाइन उपस्थिति जांची थी तब भी चार अधिकारी अनुपस्थित थे। निर्देश के बाद भी अधिकारियों ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया।
ये अधिकारी रहे अनुपस्थित
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जल निगम के अधिशासी अभियन्ता, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी और लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता प्रांतीय खंड।