16 से 25 मई तक मिले 65 मरीज, बीते छह दिनों में सामने आए 37 केस
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
मई माह की शुरूआत से ही जिले में अचानक कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ा। इसको रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाने के साथ शहर में दो दिन संपूर्ण लॉकडाउन करने का फैसला लिया। यह काफी हद तक कारगर रहा। अब बीते छह दिनों से कोरोना पॉजिटिव मामलों में कमी देखने को मिल रही है। हालांकि अभी तक कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ना चुनौती बना हुआ है। आंकड़ों की बात करें तो बीते 6 दिन में 37 मरीज कोरोना संक्रमित मिले। वहीं 16 से 25 मई तक (दस दिनों में) जिले में 65 मरीज मिले थे, जबकि 6 से 15 मई के बीच 135 मरीज सामने आए।
शहर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों से पुलिस प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग परेशान है। 22 मार्च को लॉकडाउन शुरू होने के बाद से 27 मार्च को कोरोना संक्रमण का पहला मरीज शास्त्रीनगर में मिला था। अप्रैल माह के अंत तक जिले में 100 के आसपास मरीजे थे। लेकिन मई माह की शुरुआत से ही संक्रमण इतनी तेजी से बढ़ा कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। हर रोज कोरोना मरीजों की नई चेन मिलने लगी। जिले में 26 मई तक 12317 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इस समय जिले के 52 क्वारंटीन सेंटर में 1270 लोग क्वारंटीन हैं। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है अगर कोई नई चेन नहीं बनी तो संक्रमित केसों में कमी आएगी।
कोरोना : एक नजर
अब तक 12317 सैंपलों की जांच हुई।
386 लोग पॉजिटिव मिले।
254 मरीज ठीक होकर घर गए।
109 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती।
23 लोगों की मौत हो चुकी।
1270 लोग क्वारंटीन।
ऐसे बढ़े मरीज:
31 मार्च तक 19
15 अप्रैल तक 68
30 अप्रैल तक 105
05 मई तक 176
10 मई तक 245
15 मई तक 311
26 मई तक 386