स्कूल में कराई जा रही थी पढ़ाई, पुलिस ने बंद कराया
सरूरपुर। कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए शिक्षण संस्थाओं को बंद रखने के आदेशों का गांव जसड़ सुलतान नगर में उल्लंघन किया जा रहा है। स्कूल संचालक द्वारा नियम कायदे दरकिनार करते हुए मासूमों की जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कराई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस मौके पर पहुंची। स्कूल में बच्चे पढ़ाई करते हुए मिले। यहां सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा था। पुलिस ने स्कूल संचालक को जमकर लताड़ा और मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी।
थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित जसड़ सुल्तान नगर गांव में एक स्कूल संचालक द्वारा तमाम नियम कायदों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। सरकार के आदेशों को खुली चुनौती देते हुए स्कूल संचालित किया जा रहा है। स्कूल में मासूम बच्चों को बिना सोशल डिस्टेंसिंग और बिना मास्क के शिक्षण कार्य दिया जा रहा है। शुक्रवार को सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा स्कूल में शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। पुलिस ने संचालक को मुकदमा दर्ज करने की हिदायत दी। पुलिस ने मौके का वीडियो भी बनाया। थानाध्यक्ष दिनेश प्रताप का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर बच्चों को पढ़ाई करते हुए पाया। स्कूल संचालक को स्कूल न खोलने की चेतावनी दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत का कहना है कि स्कूल बंद करने के आदेश शासन की ओर से दिए गए हैं। इसके बावजूद स्कूल खोलकर बच्चों को पढ़ाया जाना गंभीर विषय है। इसकी रिपोर्ट अधिकारियाें को भेजी जाएगी।