कोरोना : पांच ब्लॉकों में मिले 34 नए मरीज
सरधना/मवाना/दौराला। देहात क्षेत्र में लगातार कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। कई ब्लाकों में हालात बिगड़ रहे हैं। शुक्रवार को दौराला में सर्वाधिक 18 लोग पॉजिटिव मिले। इसके अलावा सरधना में सात, परीक्षितगढ़ में सात, मवाना में दो और माछरा में एक पुलिसकर्मी संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की जा रही है।
दौराला सीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष ने बताया कि सीएचसी के अलावा मैथना, एटूजेड व ब्लॉक में कोरोना जांच शिविर लगाया गया। कैंप में 350 लोगों की जांच की गई। इसमें पल्लवपुरम के 14 व दौराला क्षेत्र के चार लोग पॉजिटिव मिले। सभी को होम क्वारंटीन किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को 250 लोगों की कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाई गई। वहीं सरधना में स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए 749 लोगों के सैंपल लिए। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि 463 लोगों की एंटीजन जांच हुई। 286 की आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। एंटीजन जांच में सात लोग पॉजिटिव मिले। इसमें जुल्हैड़ा के पांच, नंगला ऑर्डर का युवक और एक स्टाफ नर्स हैं।
मवाना सीएचसी के लैब टेक्निशियन रोहित कुमार ने बताया कि सीएचसी पर 105 लोगों की आरटीपीसीआर तथा 140 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। गांव ढिकौली के दो लोग पॉजिटिव मिले। वहीं क्षेत्र में 492 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। वहीं परीक्षितगढ़ सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप गौतम ने बताया कि एंटीजन जांच में कुल सात लोग संक्रमित मिले। इनमें आईआईएमटी का छात्र, एक एएनएम, पटवारियान मोहल्ला का युवक, ग्राम राजपुर, पूठी, मेरठ और अम्हेड़ा सैनी का एक-एक व्यक्ति है। दो लोगाें की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुलायम सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएचसी पर 120 लोगों का टीकाकरण भी हुआ।
कोरोना को हराकर लौटे कार्यालय अधीक्षक
मवाना। कोरोना को हराकर लौटे नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक लाखन सिंह का शुक्रवार को पालिका अध्यक्ष मो. अय्यूब व ईओ सुनील सिंह ने स्वागत किया। तीन अप्रैल को जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इस दौरान ईओ ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पॉजिटिव आता है तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। उसका डाक्टरों के दिशा निर्देश पर उपचार होगा। पालिका कर्मचारियों को फ्रंट लाईन वर्कर का काम दिया गया है। वह लोगों की जांच कराने में मदद करें। इस मौके पर सफाई निरीक्षक योगेश कुमार, कर अधीक्षक सैय्यद अख्तर मेहंदी आब्दी, अवर अभियंता जयपाल सिंह, कालूराम, अशफाक, संदीप कुमार, संजय चौहान आदि रहे।
ईओ ने कस्बे को सैनिटाइज कराया
फलावदा। नगर पंचायत ईओ नीतू सिंह ने संक्रमण से लोगों को बचाव के लिए कस्बे को सैनिटाइज कराया। उन्होंने शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी और विभिन्न मोहल्लों में निगरानी समिति बनाकर कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने का आह्वान किया। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी पर बाजार बंद रहे और सड़कें सूनी रहीं। नगर पंचायत ने मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंस का पालन किए जाने सहित कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए प्रचार किया।
रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन, चार पर मुकदमा
फलावदा। पुलिस ने रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में कस्बा निवासी कैलाश, विपिन, सुभाष, बिट्टू है। पुलिस के अनुसार, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लगाया है। इसके बावजूद युवक बाहर घूम रहे थे।