निवेश में मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की ठगी के मामले में पड़ताल
एक युवक को साथ लाकर मवाना व सांधन में दो घरों में की 13 घंटे पड़ताल
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ/मवाना। कंबोडिया में संचालित चीन के कॉल सेंटर से करोड़ों की साइबर ठगी की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की दो टीम बुधवार जिले में पहुंची। टीमों ने एक युवक को अपने साथ लाकर मवाना कस्बे और इंचौली थाना क्षेत्र के सांधन गांव में एक साथ छापे की कार्रवाई की। दो युवकों के घरों में 13 घंटे तक टीमों ने गहनता से पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। दोनों युवकों के कंबोडिया के कॉल सेंटर में काम करने और इनके खातों में मोटी रकम आने की भी जांच की गई।
कंबोडिया संचालित चीन के कॉल सेंटरों से निवेश कराकर मोटे मुनाफे लालच देकर भारतीयों से करोड़ों की ठगी की गई थी। इस मामले में साइबर सेल पटियाला हाउस, दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज है। कॉल सेंटर से टेलीग्राम और वॉट्सऐप से संपर्क कर लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। बुधवार सुबह पांच बजे छह गाड़ियों में सवार होकर ईडी की टीमों ने दोनों स्थानों पर घरों को अंदर से बंद कर जांच-पड़ताल की।
मवाना कस्बे के मोहल्ला खैरात अली में ईडी की टीम तीन गाड़ियों में सीआईएसएफ के 12 जवानों के साथ पहुंची। टीम ने यहां मोहम्मद राजा उर्फ अलेख रजा के घर जांच की। बताया गया है कि मोहम्मद राजा कंबोडिया स्थित कॉल सेंटर में काम करता था। उसके खिलाफ दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज है। जांच के दौरान किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की इजाजत नहीं थी। मोहम्मद राजा के पिता फेरी लगाकर भी कपड़ा बेचते हैं। मोहम्मद राजा उनके दो बेटों में बड़ा है। वह पहले दुबई के एक बैंक में नौकरी करता था। वह युवाओं को विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में दिल्ली से जेल भी जा चुका है और इन दिनों जमानत पर है।
-
थाईलैंड-दुबई कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक यहां से युवकों को दुबई और थाईलैंड ले जाकर फर्जी कॉल सेंटरों में काम कराया जाता था। जांच के दौरान के वक्त मोहम्मद राजा तीन दिन से आगरा में अपने मामा के घर गया हुआ था। टीम ने पिता से पूछताछ की और उसे मवाना बुलाया लेकिन वह देर रात तक नहीं पहुंचा। रात करीब साढ़े आठ बजे टीम यहां से रवाना हो गई।
सांधन : शुभम को दिल्ली से लाकर की पूछताछ
दूसरी टीम तीन गाड़ियों में 12 सदस्यों के साथ इंचौली थाना क्षेत्र के सांधन गांव में शरणवीर चौधरी के घर पहुंची। शरणवीर चौधरी के पास करीब 50 बीघा से अधिक कृषि भूमि है और वह खेती करते हैं। उनके चार भाई-बहनों में शुभम (26 वर्ष) दूसरे नंबर का है। शुभम ने बीए किया है और दो साल पहले तक वह एक मेडिकल स्टोर चलाता था लेकिन फिलहाल कुछ नहीं कर रहा था। परिजन ग्रामीणों को बताते थे कि शुभम विदेश में है लेकिन बुधवार को जब ईडी ने घर को घेरा। इसके बाद शुभम को दिल्ली से बुलाया गया। दोपहर दो बजे शुभम घर पहुंचा। जिसके बाद टीम ने उससे कड़ी पूछताछ की। उसके भी कंबोडिया व थाईलैंड जाने की बात सामने आई। शाम छह बजे करीब 13 घंटे की कार्रवाई के बाद टीम कुछ अहम दस्तावेज अपने साथ लेकर रवाना हुई।
वर्जन-
ईडी की टीम क्षेत्र में आई थी, मगर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। - सुधीर सिंह, सीओ सदर देहात