- गांव वलीदपुर के पास ढाबे के बाहर लावारिस हालत में मिला ई-रिक्शा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। मेरठ से एक ई-रिक्शा चालक बरातियों का लाखों कीमत सामान लेकर भाग निकला। ई-रिक्शा वलीदपुर स्थित एक ढाबे के बाहर लावारिस हालत में मिला। बरातियों ने दौराला थाने में पहुंचकर सामान की पहचान की। पुलिस जांच में जुट गई है।
उत्तराखंड के जिला नैनीताल के कस्बा हल्द्वानी निवासी पूनम, वंदना, ढिल्लो, संतोषी, रेखा, साक्षी ने बताया कि 21 फरवरी को दिल्ली निवासी रिश्तेदार शानू की शादी में वह शामिल होने गए थे। दिल्ली से बरात निकलने पर वह बस में सवार होकर मेरठ के एसजीएम गार्डन पहुंचे। बस से उतरकर पंच प्यारा धर्मशाला लालकुर्ती पहुंचने के लिए ई-रिक्शा बुक किया। ई-रिक्शा में सामान रख ही रहे थे कि ई-रिक्शा चालक उनके तीन बैग और तीन अटैची लेकर भाग निकला। पीड़ित ने लालकुर्ती थाने में शिकायत दी थी।
लालकुर्ती पुलिस ने कॉल कर सोमवार को उन्हें जानकारी दी कि दौराला थाने पर एक ई-रिक्शा लावारिस हालत में बरामद हुआ है, जिसमें सामान भी रखा है। पीड़ित दौराला थाने पहुंचे। पीड़ितों ने सामान की जांच की तो अटैची से लगभग डेढ़ लाख की नकदी गायब मिली।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि घटना लालकुर्ती थाना क्षेत्र की है। वहां की पुलिस जांच में जुट गई है। ई-रिक्शा के आधार पर चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।