सीओ बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का कारण स्पष्ट
फुटेज में ई-रिक्शा में अकेले दिखे तारापुरी निवासी आस मोहम्मद
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बागपत गेट के पास बुधवार दोपहर एक ई-रिक्शा चालक सब्जी आढ़ती तारापुरी निवासी आस मोहम्मद उर्फ बबलू (48) को अचेत अवस्था में सड़क पर उतार कर भाग गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची देहली गेट थाना पुलिस ने जांच-पड़ताल की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीओ कोतवाली ने चिकित्सक से बात कर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। उनका कहना है कि फुटेज में आस मोहम्मद अकेले बैठे दिखे हैं। हालांकि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। देहली गेट थाना क्षेत्र में बागपत गेट पर शिव मंदिर के पास घंटाघर जाने वाले मार्ग पर दोपहर लगभग 12:17 बजे मैरून कलर के ई-रिक्शे का चालक अचानक आकर रुकता है और एक शख्स को उतार कर चला गया। कुछ ही देर में यहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि लगभग 12:30 बजे उन्हें घटना की सूचना मिली थी। थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अज्ञात व्यक्ति को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उनकी पहचान लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी निवासी आस मोहम्मद के रूप में हुई।
सीओ ने बताया कि आस मोहम्मद के शरीर पर कोई चोट आदि के निशान नहीं थे। परिजनों ने किसी से रंजिश या झगड़े की जानकारी नहीं दी है। ई-रिक्शा चालक को तलाश किया जा रहा है। घर से लेकर बागपत गेट तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बेटी को स्कूल से लेकर लौटे और नहाकर घर से निकले
आस मोहम्मद के दो बेटे और छोटी बेटी है। बेटे फैजान (18) और फरहान (16) ने बताया कि उनके पिता टीपीनगर मंडी में सब्जी की आढ़त का काम करते थे। बुधवार दोपहर वह उनकी छोटी बहन कक्षा छह की छात्रा आसमा (11) को स्कूल से लेकर आए थे। इसके बाद वह नहाकर घर से निकल गए थे। उनके पिता मोबाइल घर पर छोड़कर गए थे। उनकी मृत्यु कैसे हुई और वह रिक्शा में कहां जा रहे थे। इसकी परिजनों को जानकारी नहीं थी।
व्हाट्सएप ग्रुप से हुई पहचान
परिजनों ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद आस मोहम्मद का फोटो किसी व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर किया था। लिसाड़ी गेट के एक व्हाट्सएप ग्रुप से परिजनों ने फोटो देखकर पहचान की और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। फैजान ने बताया कि वह पुताई का काम करता है। परिजन का फोन आने पर उसे घटना की जानकारी हुई। इसके बाद वह जिला अस्पताल पहुंचे।