यूजी कोर्सों में दूसरी ओपन मेरिट के दाखिलों का आज अंतिम दिन है। बुधवार को यूजी और पीजी में 3475 दाखिले हुए। अब तक हुए दाखिलों की संख्या 74194 पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को अगर मेरिट में आने वाले छात्रों ने दाखिला नहीं लिया तो उन्हें आगे मौका नहीं मिलेगा। पीजी में दूसरी मेरिट के दाखिलों की आज ही अंतिम तिथि है।
पीजी कोर्सों की दूसरी मेरिट के दाखिलों की भी बृहस्पतिवार को अंतिम तिथि है। जो छात्र आज दाखिले नहीं लेंगे उनको फिर प्रवेश नहीं मिलेगा। 13 और 14 जुलाई को पंजीकृत अभ्यर्थी जिनका प्रथम वरीयता के कॉलेज में प्रवेश नहीं हुआ, अपने-अपने लॉग इन पर जाकर ऑफर लेटर डाउनलोड करेंगे। 16 को इसकी मेरिट जारी होने के बाद 17 व 18 जुलाई को एडमिशन होंगे। यूजी में शहर के सात कॉलेजों की बात करें तो अभी भी 1083 सीटें खली हैं। हालांकि कई कॉलेजों में आरक्षित वर्ग के छात्रों के नहीं होने के कारण इन सीटों को अभी तक भरा नहीं गया है।
12 हजार के करीब हो चुके रजिस्ट्रेशन
यूजी और पीजी में सभी कोर्सों में 17 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। नए रजिस्ट्रेशन करने वाले छात्रों को 18, 19 और 20 जुलाई को यूनिवर्सिटी के प्रवेश पोर्टल पर जाकर चेक इन करते हुए अपने कॉलेज का चयन करके ऑफर लेटर निकालना है। इसकी मेरिट 21 जुलाई को जारी होगी। कॉलेज 23 व 24 जुलाई को इनके दाखिले होंगे। अब तक नए रजिस्ट्रेशन की बात करें तो 12 हजार के करीब रजिस्ट्रेशन यूजी और पीजी में हो चुके हैं।
एलएलबी में अब तक 28 हजार रजिस्ट्रेशन
पांच वर्षीय बीए-एलएलबी और तीन वर्षीय एलएलबी में 15 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। पांच वर्षीय बीए-एलएलबी में 5160 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। तीन वर्षीय एलएलबी में 23477 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।