यातायात पुलिस ने दूसरे दिन भी बिना हेलमेट चलने वाले दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ अभियान जारी रखा। शहर भर में चले इस अभियान में 213 लोगों के चालान किए गए । इनमें 33 पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
बृहस्पतिवार सुबह भी ट्रैफिक टीमों ने टीआई सुनील कुमार और टीएसआई दीन दयाल दीक्षित की टीमों ने पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन के चार गेटों पर अभियान चलाया। शहर के मुख्य चौराहों पर भी चार टीमें भेजी गई। पुलिस कार्यालय और लाइन के चार गेटों पर ट्रैफिक टीम ने बिना हेलमेट चल रहे पुलिस कर्मियों को रोका और उनके चालान कर दिए गए । यातायात पुलिस के अनुसार जिले भर में कुल 213 लोगों के चालान किए गए । इनमें 33 पुलिस कर्मी हैं। कुल 24 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया है।
तुम जानते नहीं, विधायक जी के रिश्तेदार हैं हम
पुलिस लाइन के पास एक दुपहिया वाहन सवार को टीएसआई डीडी दीक्षित ने रोका तो वे बिफर गया। उन्होंने खुद को एक विधायक का रिश्तेदार बताया। बोला, शायद आप हमें जानते नहीं। ट्रैफिक टीम ने कहा कि डीजीपी के आदेश पर ही अभियान चल रहा है। पुलिस वालों के भी चालान काटे जा रहे हैं ,इसलिए कार्रवाई होगी।
नजर आने लगा असर
यातायात पुलिस के अभियान का बृहस्पतिवार को सड़कों पर असर नजर आया। पुलिस लाइन, पुलिस आफिस आने वाले अधिकांश लोग हेलमेट में नजर आए । पुलिस कर्मी और फैंटम वाले भी हेलमेट लगाए हुए थे। यही वजह थी कि बुधवार को पुलिस कर्मियों के चालान की संख्या कम रही।