मेरठ। नई सब्जी मंडी में दो कोरोना पीड़ित मिलने तथा एक की मौत की खबर का असर शुक्रवार को साफ दिखा। नवीन मंडी में रात नौ बजते ही काफी लोग पहुंच जाते थे। वहीं, शुक्रवार को सब्जी खरीदारों का टोटा हो गया। हालांकि जिला प्रशासन ने देर रात्रि तक मंडी की व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं किया।
बता दें कि नवीन सब्जी व फल मंडी में उमड़ रही भीड़ को लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने सब्जी व फल मंडी की व्यवस्था में बदलाव किए। अमर उजाला ने जो आशंका जताई थी वह सच साबित हुई। नवीन सब्जी मंडी में दो पॉजिटिव की पुष्टि होने से साफ हो रहा है कि मंडी में और भी कोरोना के मरीज पाए जा सकते हैं। उनकी चेन में वे लोग भी हो सकते हैं जो मंडी में सामान बेचने आते हैं या फिर इन दुकानों से सब्जी खरीद कर ले जाते थे। ऐसे में सभी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना होगा। बता दें कि नवीन सब्जी मंडी में रात्रि 12:00 बजे के बाद कुछ सब्जी खरीदार पहुंचे हालांकि उनके चेहरे पर भी भय का भाव साफ था। इससे शुक्रवार रात नवीन सब्जी व फल मंडी में खरीदारों की संख्या काफी कम रही।
सब्जी मंडी में घुसने से डरते हैं अफसर
नवीन सब्जी मंडी में प्रशासनिक अधिकारी भी घुसने से डरते हैं। एसीएम कमलेश गोयल शुक्रवार देर शाम मंडी परिसर स्थित समिति कार्यालय पहुंचे। इनके पास मंडी समिति सचिव नरेंद्र कुमार और मंडी के इंस्पेक्टर कार्यालय में ही रहे। इस संबंध में अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब देना गवारा नहीं समझा। एसीएम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपल लेने मंडी पहुंच सकती है। हालांकि मंडी की व्यवस्था में बदलाव संबंधी जानकारी कोई अधिकारी ने नहीं दे रहे।
रामलीला मैदान में भी नहीं लगी मंडी
जिला प्रशासन ने नवीन मंडी में भीड़ कम करने और जनता को आसानी से सब्जी व फल उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान को मंडी के लिए तैयार किया था। जिसे नगर निगम ने लाइट लगाकर जगमग कर दिया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी इस संबंध में निर्णय नहीं ले पाए हैं। अभी तक यही माना जा रहा है कि प्रशासन ने रामलीला मैदान को एक विकल्प के रूप में तैयार करके रखा है।