सरधना। गांव गढ़ी दबथुवा स्थित आम के बाग में सोमवार की दोपहर शराबी युवक ने बाग ठेकेदार पर डंडे से हमला कर दिया और विरोध करने पर बाग में रखी आम की पेटियों को भी नुकसान पहुंचाया।
गांव पोहल्ली निवासी इरफान पुत्र सलीम ने तहरीर में बताया कि उसने गढ़ी दबथुवा गांव में आम का बाग ठेके पर लिया हुआ है। आरोप है कि गांव का ही एक युवक आए दिन उसे धमकाता रहता है। सोमवार दोपहर करीब 2:00 बजे वह बाग में बैठा था, तभी आरोपी युवक वहां पहुंचा और अचानक डंडे से उस पर हमला कर दिया। इरफान ने विरोध किया तो आरोपी ने आम की पेटियों को तोड़ना शुरू कर दिया। पीड़ित ने तुरंत अन्य ठेकेदारों और परिचितों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह इरफान को बचाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पीड़ित इरफान ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।