स्मैक तस्करी करता था गिरोह, कई थानों में प्राथमिकी हैं दर्ज
- वर्ष 2025 में ब्रह्मपुरी थाने मेें दर्ज की थी गैंगस्टर की एफआईआर
फोटो समाचार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। स्मैक तस्करी करने वाले गैंगस्टर ईशु की पुलिस ने मंगलवार को 2.80 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है। पुलिस टीम ने आरोपी के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित आंबेडकर नगर स्थित आलीशान मकान और लोहियानगर के गोदाम और एक स्कूटी को कुर्क किया है। पुलिस का कहना है कि यह संपत्ति गैंगस्टर ने मादक पदार्थ की तस्करी से कमाए गए अवैध धन से अर्जित की है। पुलिस टीम ने मुनादी कराकर यह कार्रवाई की है।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना बताया कि 28 अक्तूबर 2025 को ब्रह्मपुरी थाने में गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत एक गिरोह पंजीकृत किया गया था। तत्कालीन थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी ने गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें ईशु, विकास जाटव, बृजमोहन और नितिन को नामजद किया गया था। यह गिरोह लंबे समय से मादक पदार्थ का अवैध धंधा कर रहा था। गैंगस्टर अधिनियम 2/3 के तहत कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों की संपत्तियों को चिह्नित किया। इसकी जांच परतापुर थानाध्यक्ष अजय शुक्ला कर रहे है। उन्होंने इसकी रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी। 14 मई को जिलाधिकारी डॉ वीके सिंह ने संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया। इसके बाद गिरोह के सरगना ईशु की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया गया। तब आरोपी के घर पर इसका नोटिस चस्पा किया गया।
मंगलवार को सीओ के नेतृत्व में परतापुर थाना पुलिस ने नायब तहसीलदार की उपस्थिति में मुनादी कराई। इसके बाद गैंगस्टर की संपत्ति को कुर्क किया गया। बताया गया है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर युवाओं को नशा तस्करी का काम करता है। गिरोह छोटे तस्करों की मदद से छात्रों को भी मादक पदार्थ की बिक्री करता है। आंबेडकर नगर में ईशु ने हाल ही में नया आलीनान मकान बनाया था। इसकी कीमत 1.70 करोड़ और गोदाम की कीमत लगभग 1.10 करोड़ बताई गई है।