संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। थाना क्षेत्र में सिवाया टोल प्लाजा के पास खड़े एक ट्रेलर से चोरी की वारदात सामने आई है। चालक के सोते समय कार सवार बदमाशों ने ट्रेलर का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान पार कर दिया।
पीड़ित चालक उमेश कुमार निवासी मथुरा ने बताया कि वह 3 मई को मुजफ्फरनगर से ट्रेलर लेकर जा रहा था। देर रात नींद आने पर वह वाहन को टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़ा कर आराम करने लगा। इसी दौरान सफेद रंग की कार से बदमाश मौके पर पहुंचे और ट्रेलर के टोल बॉक्स का ताला तोड़ दिया। बदमाशों ने ट्रेलर में रखा सामान चेन, शिकंजे डी साकल, यूरिया की बाल्टी जैक, बेल्ट, व्हील पाना और ग्रीस की बाल्टी कट्टों में भरकर अपनी कार में रख लिया और भाग गए।
सुबह जागने पर चालक को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिसमें पूरी घटना कैद मिली। जांच के दौरान पता चला कि इस्तेमाल की गई कार झज्जर निवासी सचिन के नाम पर दर्ज है जबकि वारदात के समय उसे उसका भाई विजय उर्फ बबलू चला रहा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।