निर्माण स्थल पर उड़ती धूल से परेशान वाहन चालक
परतापुर। मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र में रैपिड रेल के निर्माण कार्य के चलते उड़ती धूल से वाहन चालक परेशान हैं। इस ओर न तो एनसीआरटीसी ध्यान दे रही है और न ही निर्माण करने वाली कंपनी एलएंडटी। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल के आसपास वायु प्रदूषण को कम करने के लिए पानी छिड़काव की भी व्यवस्था नहीं की गई है। मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
कादराबाद से उद्योगपुरम के बीच रैपिड रेल का काम तेजी से चल रहा है। रैपिड के पिलर बनाने से पहले सड़क चौड़ी की जा रही है। निर्माण कार्य के चलते होने वाले वायु प्रदूषण पर निर्माणाधीन कंपनी के इंजीनियर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि प्रदूषण से बचाव के लिए एनसीआरटीसी के अधिकारी सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं करा रहे हैं। दिनभर उड़ने वाली धूल से वाहन चालकों को खासी परेशानी होती है। आसपास रहने वाले लोगों को भी बीमारियों का खतरा है। लोगों का कहना है कि मामले की शिकायत क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी से की जाएगी।