सिवाया में शराब ठेके के सामने संदिग्ध परिस्थितियों में चालक की मौत
दौराला। सिवाया गांव निवासी कार चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सिवाया गांव निवासी मुकेश गुप्ता (50) चालक थे। रविवार को वह घर से बाहर गए, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की। देर रात मुकेश शराब के ठेके के पास बेसुध पड़े मिले। शरीर में कोई हरकत न होने पर उन्हें दौराला स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही तीन युवकों ने मुकेश के साथ मारपीट की और बेहोशी हालत में ठेके के बाहर छोड़कर भाग गए। इसी कारण मुकेश की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार को परिजन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट होगा। थाना प्रभारी बृजेश चौहान का कहना है कि परिजनों ने तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।