उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गागलहेडी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर सवार चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
नागल थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी नफीस (40) पुत्र यूसुफ गुरुवार सुबह करीब सात बजे अपना ट्रैक्टर के साथ टैंकर लेकर बाग में छिड़काव करने जा रहा था। जैसे ही वह स्टेट हाईवे पर गांव बसेड़ा के पास आया तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसका ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया और वह ट्रैक्टर से उछल कर सड़क पर जा गिरा। सिर फटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए और सड़क पर जाम लगाने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक दिव्यांग था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गया है। उसकी मौत के बाद परिवार के समक्ष भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया था। नफीस टैंकर चला कर अपने बच्चे पाल रहा था। उसके पास जमीन या आमदनी का कोई जरिया नहीं था।
थानाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक भी हिरासत में है। तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।