ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर और लाइनें दे रहीं जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भीषण गर्मी के बीच सरधना क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बढ़ते तापमान और अत्यधिक लोड के कारण नगर और देहात दोनों क्षेत्रों में लगातार फाल्ट और अघोषित कटौती हो रही है। दिन-रात हो रही बिजली गुल होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
नगर के देवी मंदिर, बेलदारान, आजाद नगर, इस्लामाबाद और गंज बाजार समेत कई मोहल्लों में घंटों बिजली गायब रहने की शिकायतें हैं। रात के समय कटौती होने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। उमस और गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
व्यापार मण्डल से पंकज जैन, विरेन्द्र चौधरी, ललित गुप्ता, सौरभ जैन, साजिद मलिक ने बताया कि बिजली संकट से बाजारों में कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकानों में लगे उपकरण बार-बार खराब हो रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। छात्रों की पढ़ाई और इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद उर्जा निगम स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है। फाल्ट ठीक करने में भी काफी समय लग रहा है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। उर्जा निगम के एक्सईएन दुर्गेश कुमार जायसवाल का कहना है कि भीषण गर्मी और बढ़ते लोड के कारण समस्या बढ़ी है। निगम की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में लगी हैं और आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।