अंतिम प्रयास में एक सेकेंड से टूटा वर्दी का सपना
मेरठ। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती में सोमवार को दौड़ के लिए बुलाए गए एक हजार अभ्यर्थियों में से 940 अभ्यर्थी ही पहुंच सके। इनमें से केवल 858 अभ्यर्थी ही दौड़ पूरी कर सके, शेष 82 अभ्यर्थी बाहर हो गए। इस दौरान सहारनपुर निवासी अभ्यर्थी राजीव एक सेकेंड से पीछे रह गया और बिलख पड़ा। उसने बताया कि यह उसका आखिरी मौका था, एक सेंकेंड ने उसका वर्दी पहनने का सपना तोड़ दिया।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती 2018 की नापतौल और शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया 28 नवंबर 2019 से शुरू हुई थी। इसको लेकर मेरठ समेत प्रदेश में आठ सेंटर बनाए गए हैं। मेरठ पुलिस लाइन में बने सेंटर में वेस्ट यूपी के नौ जिलों के मेरठ, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के अभ्यर्थियों की नापतौल चल रही है। जबकि दौड़ रुड़की रोड स्थित छठी वाहिनी पीएसी में चल रही है। पुलिस के 49 हजार पदों के लिए मेरठ सेंटर पर 18 हजार 846 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। रुड़की रोड स्थित छठी वाहिनी पीएसी में दौड़ के प्रभारी सीओ संजीव देशवाल ने बताया कि दौड़ में 82 अभ्यर्थी बाहर हुए हैं। जिनकी रिपोर्ट बनाकर भर्ती बोर्ड को भेज दी गई है।
भर्ती बोर्ड के मेरठ जोन के नोडल अधिकारी संजीव बाजपेई का कहना है कि पुरुष अभ्यर्थी को 24 मिनट में 4800 मीटर की दौड़ लगानी है। अधिकांश अभ्यर्थी कुछ सेकेंड से ही बाहर हो गए।