कहा, डॉक्टर और नर्स दो बार जरूर जाने मरीज का हाल
मेरठ। छाती एवं टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. हीरा सिंह को जिला अस्पताल का प्रमुख अधीक्षक बनाया गया है। सोमवार को उन्होंने चार्ज ले लिया। उन्होंने हिदायत दी है कि डॉक्टर और स्टाफ दिन में दो बार हर मरीज का हाल जानेंगे। इसके अलावा सर्जरी के मरीजों की पहले कोविड-19 की जांच की जाएगी। जो भी मरीज अस्पताल में आएंगे उनको बेहतर इलाज दिया जाएगा। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के लिए भी अलर्ट किया गया है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल की मरम्मत भी करानी है और लॉकडाउन की वजह से जो अव्यवस्था हुई है उसको भी दुरुस्त करना है। डॉ. हीरा सिंह मूल रूप से बुलंदशहर जिले के रहने वाले हैं। इनका परिवार अलीगढ़ में रहता है। डॉ. हीरा सिंह ने केजीएमयू से डॉक्टरी की पढ़ाई की है। वे कन्नौज में सीएमएस जबकि कानपुर देहात में सीएमओ रहे हैं। इसके अलावा आगरा, अलीगढ़, मथुरा में भी काफी समय तक रहे हैं। इसी साल जनवरी माह में डॉ. हीरा का स्थानांतरण कानपुर देहात से जिला अस्पताल में हुआ था। हाल ही में निदेशक बनने पर प्रमुख अधीक्षक रहे डॉ पीके बंसल का तबादला लखनऊ कर दिया गया था।