संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने मंगलवार को चिरौड़ी गांव पहुंचकर राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिवार का दुख-दर्द सुनते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
अनुष्का का शव 31 मई को कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित शोभापुर पुलिस चौकी के पास मिला था। वह 16 अप्रैल से लापता थी। परिजनों के अनुसार वह अपने भाई के साथ शोभापुर में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसका सपना देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना था।
विज्ञापन
डॉ. हिमानी अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने मृतका अनुष्का के पिता नेमपाल को भरोसा दिलाया कि परिवार को न्याय दिलाने और हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, दौराला मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव, पार्षद हितेश पाल गडरिया आदि भी मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और दोषी को सख्त सजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।