मेरठ में कंकरखेड़ा पुलिस ने दहेज व मारपीट के मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी की भाभी को दिल्ली एयरपोर्ट से रविवार रात धर दबोचा। महिला जापान से किसी शादी में शामिल होने मेरठ आ रही थी। सोमवार को पुलिस ने पूछताछ के बाद महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पता चला कि मुख्य आरोपी पति जापान में बैठा है। पुलिस मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पावलीखास निवासी उजमा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व मवाना थाना क्षेत्र के सठला गांव निवासी मुजीब से हुई थी। मुजीब शादी से पहले ही जापान में एक कपड़े की फैक्ट्री में कार्यरत था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर मारपीट करने लगे। लगभग 10 महीने बाद युवक जापान चला गया और तीन साल तक भारत नहीं आया। पीड़िता ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ दहेज व मारपीट का मुकदमा दर्ज करा दिया था। आरोपी मौका पाकर परिवार को लेकर लगभग तीन साल पूर्व जापान चला गया।
सोमवार को मुख्य आरोपी की भाभी शादी समारोह में शामिल होने के लिए जापान से मेरठ आ रही थी। रविवार रात कंकरखेड़ा पुलिस दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। सोमवार सुबह पूछताछ के बाद महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: सड़क हादसों ने ली छह की जान, आगरा एक्सप्रेस-वे पर एकसाथ बुझे तीन घरों के चिराग, कार के उड़े परखच्चे
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि फिलहाल महिला को छोड़ दिया गया है। आरोपी के गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Weather Update: सर्दी का सितम जारी, छूटी कंपकंपी, कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार