कंकरखेड़ा (मेरठ)। आवारा कुत्ते के काटने से आठ साल की बच्ची कनक की मौत के बावजूद नगर निगम की नींद नहीं टूटी है। कंकरखेड़ा में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को आवारा कुत्तों ने पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया। हंगामा कर रहे लोगों का कहना कि कुत्तों की नसबंदी और एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के नाम पर महज खानापूर्ति हो रही है।
कंकरखेड़ा के आंबेडकर रोड, रामनगर, शिवलोकपुरी, शाक्यपुरी बड़ा बाजार, छोटा बाजार और जटौली में आवारा कुत्ते झुंड बनाकर आए दिन लोगों को काटकर घायल कर रहे हैं। आलम यह है कि रोजाना दांतल सीएचसी पर एक दर्जन से अधिक लोग कुत्ते के हमले में घायल होकर इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
शाक्यपुरी निवासी मुकेश गोयल ने बताया शाक्यपुरी में आवारा कुत्ते खूंखार हो गए हैं। वह पूर्व में कई बार निगम के अधिकारियों व संबंधित पार्षद को भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। आवारा कुत्तों ने शाक्यपुरी निवासी बिट्टू, बड़ा बाजार निवासी सोनू गुप्ता, लाला के बाजार निवासी अभिषेक गुप्ता, सुमित व मोहन पर हमला कर दिया। पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय निवासी सुनीता पटेल, सीएल पटेल, रिया कौर व संदीप आदि का कहना है कि आवारा कुत्तों के हमले के डर से बच्चों ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया है। बुजुर्ग घर से निकलने से डर रहे हैं। कंकरखेड़ा दांतल सीएचसी प्रभारी डॉ. अमर सिंह का कहना कि कुत्ते के हमले में घायल लोगों का उपचार किया जा रहा है। वर्तमान स्थिति में आवारा कुत्तों से दूरी बनाए रखें।