संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। क्षेत्र के बेगमाबाद गांव में बृहस्पतिवार को घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय मासूम पर लावारिस कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बालक के चेहरे को नोचकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े तथा किसी तरह कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया। घायल बालक को परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद एंटी रेबीज सीरम लगाया।
बेगमाबाद निवासी शिवकुमार का तीन वर्षीय पुत्र नमन बृहस्पतिवार को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक लावारिस कुत्ता अचानक बालक पर झपट पड़ा। कुत्ते ने उसके चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में बालक घायल होकर चीखने लगा। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। इसके बाद परिजन घायल बालक को उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार कर एंटी रेबीज सीरम लगाया। घटना के बाद से परिजन दहशत में हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुत्तों के झुंड आए दिन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। दो दिन पहले जानी थाना क्षेत्र में भी लावारिस कुत्ते के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।