मवाना। एएस इंटर कॉलेज के अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 11वीं के छात्र आशीष ने मंडल स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। वह मेरठ मंडल से एकमात्र स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी बने हैं।
बागपत के किरठल स्थित गुडविल इंटर कॉलेज में 13 अगस्त को आयोजित हुई प्रतियोगिता में आशीष ने प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस स्वर्णिम सफलता के बाद अब आशीष 16, 17 और 18 अगस्त को सोनभद्र जिले में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले आशीष के पिता ओमपाल सिंह एक किसान हैं और माता ममता गृहिणी हैं, जबकि उनके बड़े भाई खुशीराम उत्तर प्रदेश वन विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आशीष की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि लगन और परिश्रम से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक, प्रबंधक पवन कुमार रस्तोगी और प्रधानाचार्य डॉ. मेघराज सिंह ने छात्र एवं उनके परिजनों सहित समस्त विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने बताया कि तीरंदाजी के खेल में पहली बार मेरठ मंडल से किसी छात्र ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है।