चिकित्सकों ने खोड़समा में की 497 मरीजों की जांच
चौसाना (शामली)। गांव खोड़समा में स्वास्थ्य विभाग की 20 सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने शिविर लगाकर 497 मरीजों की जांच कर उपचार किया। 12 बुखार पीड़ितों की स्लाइड बनाई गई। ग्रामीणों की शिकायत पर हैंडपंप के पानी के नमूने भी लिए गए।
21 अक्तूबर को ‘खोड़समा में कैंसर से ग्रामीणों में दहशत’ शीर्षक से खबर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। जिसके बाद जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट तलब करते हुए गांव में शिविर लगाकर जांच के निर्देश दिए गए थे। बुधवार को स्वास्थ्य अधिकारियों ने गांव में शिविर लगाया। एसीएमओ डॉ. अशोक हांडा के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की बीस सदस्यीय टीम पहुंची। विनोद के घेर में चिकित्सकों ने गांव में बुुुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर दवा दी। इस दौरान चिकित्सकों ने बुखार के अलावा नेत्र, हड्डी व अनय बीमारियों का उपचार किया। ग्रामीणों शिकायत पर स्वास्थ्य टीम ने कैंसर पीड़ितों के घर और मोहल्ले में लगे हैंडपंपों से पानी के नमूने लिए। चिकित्सकों ने कैंसर पीड़ितों की चिकित्सीय रिपोर्ट भी देखी। ग्रामीणों को स्वास्थ्य शिक्षा देकर बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। स्वास्थ्य टीम में डॉ. जाहिद अली त्यागी, ऊन चिकित्सा प्रभारी डॉ. लेखराम, डॉ. नवीन, डॉ. रेणू सैनी, डॉ. विनोद, पैथोलोजी से राहुल, सत्यम, अनिल, रामकुमार आदि शामिल रहे।
खोड़समा गांव में कैंसर से लोगों के पीड़ित होने की जानकारी मिली थी। शिविर में खांसी, जुकाम, बुखार व अन्य रोगों से पीड़ित पहुंचे है। कैंसर से पीड़ित लोगों के बारे में जानकारी की गई, जो बड़े अस्पतालों में अपना उपचार करा रहे है। कैंसर की बीमारी होने की जांच के लिए हैंडपंपों से पानी के नमूने लिए गए है, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। - अशोक हांडा, एसीएमओ।
बुखार व अन्य बीमारियों के उपचार के लिए खोड़समा गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें सभी तरह के मरीजों की जांच कर उपचार किया गया। - डॉ. संजय भटनागर, सीएमओ।