सीएम के जाते ही इमरजेंसी में फैली अव्यवस्था और मरीज से अभद्रता करते डॉक्टर का वीडियो वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केके गुप्ता इमरजेंसी पहुंच गए। उन्हें वहां पांच चिकित्सक, 12 नर्सिंग स्टाफ और 20 चतुर्थ श्रेणी व अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। प्राचार्य के रियल्टी टेस्ट में ‘फेल’ हुए इन सभी को नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही इनमें से कई पर निलंबन की तलवार भी लटक गई है। वहीं, सोशल साइट्स पर वायरल वीडियो में मरीज से अभद्रता कर रहे डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में नर्सिंग स्टाफ का समय सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक है, जबकि चिकित्सकों का सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक। लेकिन जब प्राचार्य पहुंचे तो वहां कई चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गायब थे। इससे पहले भी प्राचार्य देर से आने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को चेतावनी दे चुके थे। इसके बावजूद देर से आने का वही पुराना ढर्रा चल रहा था।
प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. के के गुप्ता ने बताया कि इमरजेंसी में कई डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुबह साढे़ आठ बजे अनुपस्थित मिले हैं, इन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतने वालों पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। इसकेअलावा मरीज से अभद्रता कर रहे जूनियर डॉक्टर अनन्त शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच बैठाई गई है। मरीजों को और बेहतर इलाज मिले, इसके लिए पीआरओ डॉ. दिनेश राणा को स्टोर इंचार्ज बनाया गया है।
अमर उजाला ने उठाया था मामला
मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के निरीक्षण के दौरान तो इमरजेंसी चकाचक थी, मगर बुधवार को न वार्ड ब्वाय थे, न स्ट्रेचर पर चादर और न ही सफाई की व्यवस्था थी। सीएम के जाते ही सब कुछ पुराने ढर्रे पर आ गया था। जबकि सीएम निर्देशित करके गए थे कि इमरजेंसी की व्यवस्था बेहतर रहनी चाहिए। अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को ही इस पर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था।
डाक्टर ने की थी मरीज से अभद्रता
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी का एक वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक जूनियर डॉक्टर आनंद शर्मा मरीज से अभद्रता से बातें करता नजर आ रहा है। यह मामला संज्ञान में आने पर मेडिकल कॉलेज प्राचार्य ने डॉक्टर को निलंबित कर दिया है।