बेगमपुल स्थित एक अस्पताल में मंगलवार आधी रात खून से सने तीन बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने डॉक्टर की कनपटी पर पिस्टल तानकर इलाज करने का दबाव बनाया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो पता चला कि बदमाश थोड़ी देरी पहले कैंट इलाके से बाइक लूटकर भागे थे। इसी दौरान बदमाशों का एक्सीडेंट हुआ। दो बदमाशों की हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया, जबकि एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कैंट स्थित टैंक चौराहे के पास मंगलवार आधी रात एक युवक से तीन बदमाशों ने बाइक और नकदी लूट ली। इसी दौरान बेगमपुल स्थित एक अस्पताल से लालकुर्ती थाना पुलिस के पास कॉल आई कि खून से लथपथ तीन संदिग्ध युवक आए हैं, जिन्होंने इलाज न करने पर डॉक्टर की कनपटी पर पिस्टल तान दी है।
जिसके चलते कर्मचारियों ने तीनों युवकों को एक कमरे में बंधक बना लिया। तत्काल ही अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल युवकों से पूछताछ के बाद लूट के शिकार पीड़ित युवक को अस्पताल बुलाया तो पीड़ित ने इन बदमाशों को पहचान लिया। कहीं अस्पताल में तो नहीं पिटे आरोपी
जिस बाइक से आरोपियों का एक्सीडेंट हुआ, वह ज्यादा क्षतिग्रस्त नहीं है। उसकी हालत देखने से अनुमान लगाया जा रहा है कि एक्सीडेंट में आरोपी घायल तो हुए, लेकिन इतना भी नहीं कि उनको दिल्ली रेफर करना पड़े। अंदेशा है कि डॉक्टर की कनपटी पर पिस्टल तानने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने दोनों आरोपियों की बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी हालत खराब हुई।
लूटी बाइक गायब मिलीं
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से लूटी हुई बाइक बरामद नहीं हुई। जिस बाइक पर बदमाश लूट करने आए थे, वही एक्सीडेंट के बाद मिली है। पुलिस को अंदेशा है कि लूट करने वाला बदमाशों का गिरोह है। पुलिस घायलों के अलावा अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश देेने में लगी है। पुलिस का कहना है कि सदर बाजार, लालकुर्ती इलाके में लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश होगा।
कोट
डॉक्टर की कनपटी पर पिस्टल तानने की सूचना पर पहुंची अस्पताल में पहुंची थी। आरोपी घायल युवक लुटेरे निकले। पुलिस पूछताछ कर रही है। -सिद्धार्थ मीणा, एएसपी कैंट