पहल...खुद को स्वस्थ रखने के लिए डॉक्टर हर रविवार करेंगे योग
- हर माह लोगों को दी जाएगी सीपीआर की ट्रेनिंग
3 दिसंबर से चल रही है निशुल्क ओपीडी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के डॉक्टर खुद को सेहतमंद रखने के लिए हर रविवार को सुबह 8 से 9 बजे तक (एक घन्टा) योग किया करेंगे। 10 दिसंबर से इसकी शुरुआत हो रही है। वहीं, माह में एक बार सीपीआर की ट्रेनिंग भी लोगों को दी जाएगी, जिसमें मीडियाकर्मी, ट्रैफिक पुलिस और ऑटो वाले आदि शामिल हैं। इससे कार्डियक अरेस्ट आने पर लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी।
आईएमए सचिव डॉ तरुण गोयल ने बताया कि सीपीआर इमरजेंसी की हालत में इस्तेमाल की जाने वाली एक मेडिकल थैरेपी की तरह है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। सीपीआर का पूरा नाम फुल फॉर्म “कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन” है। इससे कार्डियक अरेस्ट और सांस न ले पाने जैसी आपातकालीन स्थिति में व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इसमें विशेष तरीके से सीने को ज़ोर से दबाना पड़ता है।
मेरठ शाखा के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए निजी चिकित्सक आईएमए हॉल में हर रोज पूरे साल निशुल्क ओपीडी करेंगे। इसकी शुरुआत तीन दिसंबर से हो चुकी है। अब तक 100 से ज़्यादा मरीज़ देखे जा चुके हैं। चिकित्सक सुबह 9 से 11 बजे (दो घन्टे) तक ओपीडी कर रहे हैं। चिकित्सकों का रोस्टर पहले से तैयार किया जा चुका है।
इसके अलावा स्वस्थ डॉक्टर-स्वस्थ मरीज थीम पर योग के साथ साथ हर माह खेल गतिविधियां होंगी। अभी तक अधिकांश खेल गतिविधियां मई और जून ही होती हैं। चिकित्सक रविवार को योग करेंगे और आत्मरक्षा को ट्रेनिंग भी लेंगे। जागरूकता के लिए सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। जिले में आईएमए से करीब 1300 चिकित्सक जुड़े हुए हैं।