दो समुदाय के लोगों में मारपीट, पथराव, स्कूटी को जलाया
मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र में दो समुदाय के लोगों के बीच रविवार को जमकर मारपीट हो गई। उनमें लात-घूंसे चले और पथराव भी हुआ। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। वहीं, एक पक्ष के व्यक्ति की स्कूटी को जला दिया गया। मारपीट और आगजनी की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और दो लोगों को हिरासत में ले लिया। विवाद का कारण दो छात्र गुटों के बीच कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद बताया जा रहा है।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के वोल्गा रिसोर्ट के पास सिगरेट और तंबाकू खाने वाले युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। रविवार शाम सिगरेट पीते समय दो छात्र गुटों के बीच कहासुनी हो गई। उसके बाद एक गुट ने दूसरे गुट पर हमला कर दिया। दोनों के बीच सड़क पर ही मारपीट और पथराव हुआ। इससे भगदड़ मच गई। थोड़ी देर बाद घायल पक्ष के युवकों ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने वाले युवकों पर हमला कर दिया। इस बीच, एक पक्ष के युवक स्कूटी छोड़कर फरार हो गए। बाद में स्कूटी को आग लगा दी गई। पुलिस ने आग को बुझाया। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि विवाद में एक छात्रा से जुड़ी बात भी सामने आ रही है। इसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। एएसपी कैंट सूरज राय का कहना है कि घटनास्थल के आसपास की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों को चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
--