सीसीएसयू के परीक्षा फॉर्म पर नोटबंदी का असर पड़ रहा है। पिछले साल जितने प्राइवेट फॉर्म भरे गए थे, उतने इस मुश्किल ही भरे जाएंगे। दो बार डेट बढ़ाने के बाद भी वह आंकड़ा बहुत कम है। कैश की किल्लत की वजह से जिन साइबर कैफों पर भीड़ रहती थी, वह खाली पड़े हैं। अभी 15 दिसंबर तक फॉर्म भरे जाने हैं।
पिछले साल ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर में करीब 74 हजार छात्रों ने प्राइवेट परीक्षा फार्म भरा था। इस बार अभी तक यह आंकड़ा 53 हजार पहुंचा है। फार्म भरते हुए करीब एक महीना हो गया है। अहम यह है कि नोटबंदी को भी एक महीना हुआ है। रेग्युलर छात्र जिन्होंने एडमिशन ले रखा है, उन्होंने तो फार्म भरा है। लेकिन कैश की किल्लत की वजह से बहुत से ऐसे छात्र जिनको रेग्युलर एडमिशन नहीं मिला और वह प्राइवेट फार्म भरना चाहते थे, वह फार्म नहीं भर पा रहे। प्राइवेट में दो से ढाई हजार रुपये फीस है। 450 रुपये की रसीद कॉलेज में कटती है।
एक सप्ताह में आएगा रिजल्ट
विवि ने बैक परीक्षा 2016 का रिजल्ट घोषित करना शुरू कर दिया है। सहायक प्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक एक सप्ताह के अंदर सभी विषयों का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। सेकेंड ईयर और थर्ड ईयर के फार्म भरे जा रहे हैं। रिजल्ट आते ही बाकी विषयों के फार्म खुल जाएंगे।
नहीं भर पा रहे फार्म, कट रहे पैसे
ऐसे बहुत से छात्र हैं जो फार्म नहीं भर पाने और पैसे कटने की शिकायत कर रहे हैं। कंपनी उनके मामले नहीं निपटा रही। अकाउंट से पैसे कटने लेकिन फार्म का प्रिंट नहीं निकलने की शिकायत आ रही है। कुछ छात्र आरोप लगा रहे हैं पहले चरण के बाद फार्म आगे नहीं खुल रहा। डाटा में गड़बड़ी की भी शिकायत कर रहे हैं।