संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (अंडर-17) में दीवान पब्लिक स्कूल का दबदबा रहा। सीबीएसई की ओर से जेपी स्कूल नोएडा में 11 से 15 सितंबर तक राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें चारों जोन से प्रयागराज, राजस्थान, पश्चिम बंगाल तथा कर्नाटक सहित अन्य राज्यों से विभिन्न टीमों के लगभग 1000 बच्चों ने भागीदारी की। नाॅर्थ ज़ोन से दीवान पब्लिक स्कूल के तीन छात्रों समर्थ अग्रवाल , आर्यन मौर्या तथा कार्तिक गुप्ता ने यू-17 में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और मेरठ जिले का गौरव बढ़ाया।
एक से 4 अगस्त में भी सीबीएसई की नॉर्थ जोन की शूटिंग प्रतियोगिता में 250 स्कूलों के 1200 प्रतिभागियों को पछाड़कर इन्हीं तीनों छात्रों ने अंडर-17 के पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। विद्यालय के निदेशक एचएम राउत ने इन छात्रों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य एके दुबे ने भविष्य में भी उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।