मेरठ। दीपावली पर शहर में आज सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। शहर को पांच जोन में बांटकर 1900 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
तीन कंपनी पीएसी मुख्य स्थानों पर तैनात रहेगी। आठ प्रमुख स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रहेंगी। आतंकी इनपुट को देखते हुए एटीएस और एसटीएफ भी अलर्ट मोड पर हैं।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि शहर को पांच जोन कोतवाली, सिविल लाइन, ब्रह्मपुरी, कैंट और कंकरखेड़ा में बांटा गया है। मुख्य बाजारों में आबूलेन, बेगमपुल, लालकुर्ती, शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट, कंकरखेड़ा, सदर बाजार, शहर सराफा, नील की गली, कागजी बाजार, लाला का बाजार, शारदा रोड और अन्य बाजारों में एक-एक दरोगा के साथ पांच पांच पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। सीओ और थाना प्रभारी फोर्स के साथ गश्त पर रहेंगे। घंटाघर, बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, भूमिया पुल, मछेरान, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर, प्रह्लाद नगर, लालकुर्ती, देहलीगेट, कोतवाली में पीएसी तैनात रहेगी।
एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि मवाना, खरखौदा, भावनपुर, परीक्षितगढ़, सरधना, हस्तिनापुर में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। शहर में तीन कंपनी पीएसी, 200 रंगरूट, 140 महिला पुलिसकर्मी, 23 इंस्पेक्टर और थानों और पुलिस लाइन से फोर्स तैनात की गई है। चेकिंग के नाम पर किसी को परेशान नहीं किया जाएगा, जिले की बाहरी सीमाओं और बस अड्डों व रेलवे स्टेशनों पर संदिग्धों की चेकिंग की जाएगी।
यहां लगाई फायर ब्रिगेड की गाड़ी
घंटाघर, बुढ़ाना गेट, जिमखाना मैदान, बेगमपुल, शॉप्रिक्स मॉल तिराहा, हापुड़ अड्डा, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर, परतापुर, सरधना, मवाना।
इमरजेंसी में आरएएफ:
एसपी सिटी ने बताया कि आरएएफ को इमरजेंसी कॉल पर रखा गया है। जरूरत पड़ी तो दस मिनट में आरएएफ पहुंच जाएगी। आग लगने की घटना में पुलिस और फायर ब्रिगेड का रिस्पांस टाइम 5-10 मिनट रहेगा।
कड़ी रहेगी सुरक्षा
पुलिस लाइन में सभी एडिशनल एसपी, सीओ और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी कड़े निर्देश दिए हैं। शहर में पुलिस और पीएसी अलर्ट पर रहेगी। -अजय साहनी, एसएसपी