सार
Meerut: मेरठ में दीपावली के बाजार में महंगाई का असर, सूखे मेवे के दाम डेढ़ गुना तक बढ़े। लोग अब बिस्कुट, नमकीन, बैडशीट और होम डेकोर गिफ्ट पैक की ओर बढ़ रहे हैं।
मेरठ में दीपावली का बाजार गुलजार है, लेकिन महंगाई ने गिफ्टिंग की परंपरा पर असर डाला है। पिछले साल की तुलना में इस साल ड्राई फ्रूट्स के दाम डेढ़ गुना तक बढ़ गए हैं। किशमिश 560 रुपये प्रति किलो, काजू 960 रुपये, बादाम 840 रुपये और चिलगोजे 5 हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। इसके कारण गिफ्ट बॉक्स की कीमत 1500 से 2500 रुपये तक हो गई।
लोगों ने सूखे मेवे की बजाय बिस्कुट, नमकीन, टॉफी, जूस और अन्य होम डेकोर आइटम जैसे बैड शीट, वाटर बॉटल सेट, कप सेट और क्रॉकरी सेट को गिफ्ट पैक में शामिल करना शुरू कर दिया है। इनकी कीमत 300 रुपये से 1500 रुपये तक है।
यह भी पढ़ें: बयान पर गरमाई सियासत: इकरा हसन और पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी आमने-सामने, अब बोले-पहले अपना आचरण देखें सपा सांसद
व्यापारी विनेश जैन का कहना है कि महंगाई के कारण सूखे मेवे की कीमतें बहुत बढ़ गई हैं, इसलिए वे भी अन्य गिफ्ट पैक खरीद रहे हैं। वहीं अनिल पुंडीर बताते हैं कि लोग अब हलवाई से मिठाई बनवाकर बजट में फिट गिफ्ट पैक तैयार करवा रहे हैं।
संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता ने कहा कि महंगाई से हर ग्राहक प्रभावित है, और इस बार सूखे मेवे के गिफ्ट पैक की तुलना में अन्य विकल्पों की बिक्री ज्यादा हो रही है। इस तरह, इस दीपावली पर बाजार में सूखे मेवे से लेकर होम डेकोर तक के गिफ्ट पैक में बदलाव साफ नजर आ रहा है।