दौराला - बॉक्सिंग में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ी। स्रोत : स्वयं
- निर्भय और देव ने कांस्य पदक पर जमाया कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। भराला स्थित केपीएस बॉक्सिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर मेरठ का नाम रोशन किया। सीबीएसई राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में दिव्यांशु ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि निर्भय मलिक और देव धनखड़ ने कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सोमवार को अकादमी पहुंचने पर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
गुरुग्राम में सात से 11 अक्तूबर तक सीबीएसई राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें केपीएस बॉक्सिंग अकादमी के निर्भय मलिक ने 38 से 40 किलोग्राम भार वर्ग और देव धनखड़ ने 44 से 46 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीते। विद्या भारती बोर्ड की प्रतियोगिता में दिव्यांशु ने 48 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से अकादमी और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बॉक्सिंग कोच अरुण कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से यह उपलब्धि हासिल हुई है। इस दौरान भाजपा दौराला मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान, अनुज सोम, जिला पंचायत सदस्य प्रताप लोहिया, कुलदीप, सचिन, अर्जुन, डॉ. संदीप, शैलेंद्र, प्रवीण आदि मौजूद रहे।