पति अपने भाई और बहनों के साथ आया और तलाक तलाक तलाक कहा, मारपीट की और हमेशा के लिए छुटकारा मिलने की बात कहकर चला गया। यह सब हुआ गोटेशाह की रहने वाली बुशरा के साथ। पति के इस कदम से हताश बुशरा अब न्याय पाने के लिए अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रही है।
शनिवार को मोहल्ला गोटेशाह की चुंगी गली नंबर छह के पास रहमत मस्जिद निवासी बुशरा एसएसपी के कार्यालय पर पहुंची। उसने अपने पति पर दहेज की मांग पूरी न करने पर तीन तलाक कहने का आरोप लगाया। उसने बताया कि 27 सितंबर 2016 को ही उसकी शादी उत्तराखंड के देहरादून के मोहल्ला राजीव नगर निवासी वसीम अहमद के साथ हुई। आरोप है कि शादी के 40 दिन बाद से ही उसके पति एवं ससुरालियों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उससे मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। जब उसने इंकार कर दिया तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह अपने मायके आकर अपने भाइयों के पास रह रही थी।