-पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। आंबेडकर रोड स्थित शिवलोक पुरी में रविवार देर रात पटाखे जलाने को लेकर विवाद हो गया। कार सवार युवकों ने पटाखे फोड़ रहे तीन युवकों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में अंकित के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसके दो साथी भी घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों को मौके पर आता देख आरोपी कार छोड़कर भाग गए। सूचना पर कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
शिवलोक पुरी निवासी अंकित ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह रविवार रात अपने साथियों के साथ सड़क पर घर के सामने पटाखे छोड़ रहे थे। इसी दौरान आंबेडकर गेट की ओर से तेज रफ्तार कार सवार युवक सतीश चौक की तरफ जा रहे थे। रास्ते में किसी कारण कार रुकने पर पटाखे फोड़ रहे युवकों और कार सवारों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने अंकित और उसके दो साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला किया। इसमें अंकित के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि उसके दोनों साथी भी घायल हो गए। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेज दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में लग गई है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।