मेरठ। ढाई करोड़ की कार को लेकर हुए विवाद में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ कई और शिकायतें पुलिस के पास पहुंची। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने एसपी क्राइम को मामले की जांच सौंपी है।
जाकिर काॅलोनी निवासी पूर्व पार्षद मुस्तकीम का बेटा शुऐब मलिक उर्फ सोभी हैदराबाद में जीएसटी के फर्जी बिल काटकर टैक्स चोरी के मामले में जेल जा चुका है। शुऐब के साथ ही हिस्सेदारी में हिस्ट्रीशीटर अनीसू पंडित का रिश्ते का भाई दानिश कुरैशी निवासी सराय बहलीम भी हैदराबाद में काम करता है। दानिश कुरैशी ने अपनी फर्म के नाम पर ढाई करोड़ कीमत की रेंज रोवर कार फाइनेंस कराई थी। यह कार शुऐब और दानिश दोनों चलाते थे। शुऐब पर सराय बहलीम निवासी सोनू का काफी उधार था।
सोनू ने रकम देने का दबाव बनाया तो शुऐब ने कार उसके हवाले कर दी। दानिश कुरैशी ने इसका विरोध किया। कार की अभी 52 लाख की किश्त बकाया है, दानिश कुरैशी किश्त चुका रहा था। दानिश ने कोतवाली पुलिस से मामले की शिकायत की। इस पर पुलिस ने शुऐब मलिक को हिरासत में ले लिया। दिनभर हिरासत में रखा गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है एसपी क्राइम अवनीश कुमार को मामले की जांच सौंपी है। आरोपी की कई और शिकायतें मिली हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।