मेरठ में जिस डॉक्टर दंपती ने धमकी के चलते देश छोड़कर अमेरिका जाने की बात कही थी, मंगलवार को इस मामले में नया मोड़ आ गया। अब दूसरे पक्ष से डॉक्टर गंगा सिंह ने डॉक्टर दंपती के आरोपों के साथ बैमानी को गलत बताया है। महिला डॉक्टर ने एडीजी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की।
20 अक्तूबर को अंसल टाउन निवासी डॉ. प्रताप सिंह ने एसएसपी और एडीजी को ई-मेल भेजकर भारत छोड़कर अमेरिका चले जाने की बात कही थी। डॉक्टर प्रताप ने कहा था कि भूड़बराल में उनकी बुआ संतोष सिंह की करीब चार करोड़ की 18 हजार गज जमीन है। मार्च 2019 में संतोष सिंह ने इस जमीन को उनके पक्ष में कर दिया।
अब दूसरा पक्ष उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं लेने दे रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष से डाक्टर गंगा सिंह मंगलवार को एडीजी ऑफिस पहुंचीं। बताया कि वह लालकुर्ती क्षेत्र के गंगा प्लाजा के पास रहती हैं। साल 2011 में पढ़ाई के लिए वे बाहर गई थीं। जमीन पर खेती और देखरेख के लिए मां संतोष सिंह के पक्ष में 5 अगस्त 2011 को एक पावर ऑफ अटार्नी की थी।
आरोप है कि तीन साल पहले उन्हें जानकारी हुई कि मां की संपत्ति कब्जाने की कोशिश की जा रही है। दिसंबर 2016 को डॉक्टर गंगा सिंह ने नोटिस देकर पॉवर ऑफ अटॉर्नी को खत्म करा दिया। आरोप है कि इसके बावजूद संतोष सिंह ने धोखाधड़ी से इस जमीन का बैनामा अपने भतीजे डाक्टर प्रताप के नाम कर दिया।
24 अप्रैल 2019 को डॉ. प्रताप पर व्हाट्स एप पर धमकी देने का आरोप लगाया था। डॉक्टर गंगा ने एडीजी को व्हाट्स एप पर धमकी देने के सुबूत भी दिखाए। महिला डॉक्टर ने इंसाफ की गुहार लगाई है। एडीजी ने इस मामले में एसएसपी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।