दौराला। दौराला चौराहे के पास साझे की दीवार के निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया।
दौराला निवासी पीड़ित प्रभु प्रजापति ने आरोप लगाया कि उसके मकान की दीवार उसकी और उसके चाचा के बेटे की साझेदारी में है, जिसका उल्लेख विक्रय-पत्र में भी दर्ज है।
प्रभु ने बताया कि वह अपने हिस्से की दीवार पर निर्माण कार्य करा रहा था। इसी दौरान चचेरे भाई मौके पर पहुंचे और जबरन काम रुकवा दिया। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
पीड़ित का आरोप है कि साझेदारी की दीवार होने के बावजूद उसे अपने हिस्से पर निर्माण करने से रोका जा रहा है। उसने पुलिस से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों को बुलाकर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।