जानीखुर्द। डालूहेड़ा गांव में शुक्रवार को एक खाली जगह पर नमाज पढ़े जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। हिंदू समाज के लोगों ने खुले में और बाहर से आकर नमाज पढ़ने का विरोध करते हुए थाने में शिकायत की है। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि गांव में मस्जिद न होने के कारण वे अपनी निजी जगह पर नमाज अदा कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डालूहेड़ा गांव में काफी समय से अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोग एक खाली जगह पर नमाज पढ़ते आ रहे हैं। शुक्रवार को जब नमाज का सिलसिला शुरू हुआ, तो गांव के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। विरोध जताने वाले ग्रामीण थाने पहुंचे और पुलिस से इसकी शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में अल्पसंख्यक समाज के लोगों द्वारा खुले में नमाज पढ़ी जा रही है, जिसमें स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से भी लोग आकर शामिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थिति के चलते गांव में आपसी सौहार्द बिगड़ने और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
दूसरी ओर, मुस्लिम पक्ष के लोगों का कहना है कि गांव में कोई मस्जिद मौजूद नहीं है, जिसके चलते वे लोग अपनी निजी जमीन पर ही नमाज पढ़ रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि इस धार्मिक कार्य से किसी को परेशान करने का कोई उद्देश्य नहीं है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल नजर रखे हुए है।
-